बिजली खपत की नगर परिषद को नहीं परवाह- शहर में दिन में जलती रही स्ट्रीट लाइट
कटंगी नगर के वार्डों और मुख्य सड़कों और चौराहों में रोशनी के लिए 500 से अधिक स्ट्रीट लाइट और चौराहों में हाईमास्क लाइट लगी हुई हैं. जिससे रात के समय लोगों को आने जाने में परेशानी ना हो. मगर, यह लाईटें अब दिन भी जलाकर नगर परिषद मनमाना बिजली की खपत कर रही है. रविवार को शहर के वार्ड व कॉलोनियों एवं मुख्य सड़क मार्ग पर एक सैकड़ा से अधिक लाइट दिनभर जलती रहती हैं. जिसकी वजह से एक ही दिन में कई यूनिट बिजली बर्बाद हो गई लेकिन बिजली खपत को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को परवाह नहीं हैं. जबकि स्ट्रीट लाइटों को बंद व चालू करने के लिए हजारों रुपए की तनख्वाह वाले कर्मचारी तैनात किए गए हैं लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से स्ट्रीट लाइटों को बंद नहीं किया गया है जबकि कई बार स्थानीय लोगों ने स्ट्रीट लाइट जलने को लेकर नपा अधिकारियों को मोबाइल पर भी अवगत कराया गया है इसके बावजूद भी बिजली खपत को लेकर अनदेखी की जा रही है.
दरअसल, नगर परिषद कटंगी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी पद की कमान जिनके पास है उन अधिकारी का शहर के विकास को लेकर कोई खास रुचि नहीं है. जिले के एक नेता का करीबी होने की वजह से उन्हें विभागीय कार्रवाई का भी डर नहीं है जिस कारण वह शहर में विभागीय कार्यों और योजनाओं का संचालन मनमाना तरीके से कर रहे है. उन्हें इस बात की परवाह तक नहीं है कि नगर परिषद शहर की जनता से होने वाली टैक्स वसूली से चलती है अगर इस तरह से दिन में भी स्ट्रीट लाईट और हाईमास्क लाईट जलते रहेगी तो सीएमओ अपनी तनख्वाह से कोई बिल जमा नहीं करने वाले है यह बिल की राशि जनता से टैक्स के रुप में ही वसूल करेगी पंरतु इस बात से सीएमओ को कोई फर्क नहीं पड़ता है तभी शायद दिन में हाईमास्क और स्ट्रीट लाइट दिन में भी जल रही है.


Comments
Post a Comment