क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई ईद इबादतगाह में मुल्क, प्रदेश एवं क्षेत्र के लिए अमन चैन की मांगी गई दुआ
कटंगी।
मंगलवार को पूरे देश में ईद उल फितर बेहद धूम-धाम से मनाई गई. यहां कटंगी मुख्यालय में भी ईद की खुशियां फिजाओं में चारों तरफ फैली हुई दिखाई दी. सोमवार को हनफिया सुन्नी जामा मस्जिद कटंगी ने शाम को ईद का चांद दिखने का ऐलान किया था. जिसके बाद ही रोजेदारों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी. वहीं आज सुबह मुंदीवाड़ा रोड़ स्थित ईदगाह में ईद उल-फितर (मीठी ईद) की नमाज अदा की. ईदगाह में बड़ी संख्या में हिन्दू, बौद्ध धर्म को मानने वाले भाई भी पहुंचे. जिन्होनें मुस्लिम भाईयों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. रमजान के रोजा की समाप्ति पर ईद सुबह से शाम तक मनाई जाती है. यह त्योहार 3 दिनों तक चलता है कहा जाता है कि महीने भर के रोजा के दौरान शक्ति और धीरज प्रदान करने के लिए अल्लाह को धन्यवाद देने के लिए ईद मनाई जाती है. ईद मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा त्योहार है.
ग्रामीण इलाकों में अदा की गई नमाज-
कटंगी शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई. उमरी, नंदलेसरा, तिरोड़ी, महकेपार, बोनकट्टा, चाकाहेटी सहित अन्य प्रमुख स्थानों की ईदगाह पर मंगलवार की सुबह मुस्लिम भाईयों ने नमाज अदा करते हुए अमन-चैन की दुआ की. इसके बाद सभी प्रकार के गिले-सिकवे भुलाकर एक दुसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद की.
खीर और सिवइयां खिलाकर कराया मुंह मीठा
नमाज के बाद लोग घरों पर पहुंचे और अजीज ओ अकारिब के साथ ही मेहमानों को खीर और सिवइयां खिलाकर मुंह मीठा कराया गया. घरों पर महिलाओं ने नमाज अदा की. यह त्यौहार अपने आप में हिन्दू-मुस्लिम कौमी एकता का पर्व है जिसके चलते आज ईद के मौके पर बड़ी संख्या में हिन्दू भाईयों ने मुस्लिम भाईयों के घर पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी साथ ही मुस्लिम भाईयों ने हिन्दू भाईयों को सेवईयां खिलाकर मुंह मीठा करवाया.
दान करने की होड
इधर नमाज अदा करने से पहले रोजेदारों ने गरीब और जरूरतमंद लोगों को सदका ए फितर दिया कई लोगों ने जकात के रूप में भी दान किया. इस दान को लेने के लिए घरों पर भी जरूरतमंदों के आने का सिलसिला देर शाम तक लगा रहा.


Comments
Post a Comment