मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पहल पर नगर के बड़े तालाब की सफाई का कार्य हुआ शुरू, श्रमदान करने पहुंचे लोग
1 मई अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ तहसील इकाई कटंगी के आहवान पर नगर के बड़े तालाब की सफाई का अभियान शुरू हो गया है. आज सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने बड़े तालाब में पहुंचकर सफाई कार्य में श्रमदान कर अपनी सहभागिता प्रदान की. पूर्व सांसद के.डी.देशमुख भी नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए पहुंचे. दरअसल, पूर्व सांसद के.डी.देशमुख ने शहर के बड़े तालाब की सफाई के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि राज्य सरकार से स्वीकृत करवाई थी पंरतु आज तक तालाब की सफाई नहीं हो पाई. जिसके चलते मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जनसहयोग से तालाब की सफाई का बीड़ा उठाया है. आज सुबह तमाम राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने श्रमिकों की भूमिका का निर्वहन करते हुए सफाई अभियान में हिस्सा लिया. सफाई अभियान की शुरूआत में जेसीब मशीन चालक को पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया. जिसके बाद मशीन एवं जनसहयोग से तालाब की सफाई शुरू की गई अब आगामी 07 दिनों तक सफाई अभियान चलाया जाएगा.

Comments
Post a Comment