गोरेघाट से 10 हजार रुपये की सागौन जब्त
कटंगी।
वन परिक्षेत्र कटंगी के गोरेघाट सर्किल के ग्राम गोरेघाट में गुरूवार की सुबह वन अमले ने एक खेत में छापामार कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए की बेशकीमती इमारती लकड़ी सागौन के लट्टे बरामद किए है. मुखबिर की सूचना पर वन अमले ने कार्रवाई को अंजाम दिया. उपवनमंडल अधिकारी अमित पटौती के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक नाग के मार्गदर्शन पर गुरुवार की सुबह गोरेघाट निवासी दाताराम जामुनपाने के खेत में वन अमले ने दबिश दी जहां पर पैरा (पशु चारा) के ढेर के नीचे सागौन के लट्टे छिपाकर रखे गए थे. वन अमले ने इसकी कीमत 10 हजार रुपये आंकी है. छापामार कार्रवाई 5 नग सागौन लट्टा 0.274 घन मीटर बरामद किया गया. आरोपी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया है. इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र सहायक ज्ञानीराम गोटाफोड़े, वनपाल सुनील कुमार परते की सराहनीय भूमिका रही.

Comments
Post a Comment